नाम का हिटलर वेद प्रकाश शर्मा जी के नाम से लिखा गया मनोज पॉकेट बुक्स से प्रकाशित उपन्यास है। इसे वेद प्रकाश शर्मा जी ने नही लिखा था, मनोज पॉकेट बुक्स से इसे किसी ट्रेडमार्क लेखक से लिखवाया गया था। नीचे पढ़िए नाम का हिटलर की दूसरी कड़ी...
________________________________________________________
ए०सी०पी० पंकज कुमार अग्रवाल अपने ऑफिस में बैठा हुआ था, उसकी उंगलियों में सिगरेट दबी हुई थी। वह रह रहकर सिगरेट के गहरे-गहरे कश खिंच रहा था।
उसकी आँखें इस कदर सोचनीय अंदाज में सिकुड़ी हुई थी, जैसे वह किसी महत्वपूर्ण मसले पर विचार कर रहा हो।
अगले ही पल उसके ऑफिस में इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव दाखिल हुआ और उसे जानदार सैल्यूट दिया।
उसने अपनी गर्दन को हल्की सी जुम्बिश देते हुए उसे बैठने का संकेत किया।
"थैंक्यू सर।" इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव कुर्सी पर बैठता हुआ बोला।
उसने सिगरेट ऐश ट्रे में बुझाई फिर गम्भीर स्वर में बोला, "गई रात हमारे पास हिटलर का फोन आया था मिस्टर श्रीवास्तव।"
"नही।" वह हौले से चीख पड़ा और उसके चेहरे पर तनाव की लकीरें उभरती चली गई।
"शायद तुम्हें हमारी बात पर विश्वास नहीं आया है मिस्टर श्रीवास्तव लेकिन यह सच है उसने हमे हमारा कत्ल करने की धमकी दी है।"
"क्या?" उसके सिर पर जैसे जबरदस्त विस्फोट हुआ अगले ही पल उसके जबड़े कस गए और आंखों से आग के शोले बुलन्द होने लगे, "उस सुअर की यह मजाल उसने आपको मर्डर करने की धमकी दी।"
"उसका कहना है कि वह इस महीने की लास्ट तारीख तक अपनी धमकी पर अमल करके रहेगा।"
"मैं उस हिटलर के बच्चे को गिरफ्तार करके ही दम लूंगा सर अगर मैंने उस पाजी को फांसी के तख्ते पर नहीं खड़ा किया तो मेरा नाम भी इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव नही है।" उसका चेहरा पत्थर के मानिद कठोर होता चला गया।
ए०सी०पी० पंकज कुमार के चेहरे पर ख़ौफ़ के सिवा कुछ भी नजर नही आ रहा था।
________________________________________________________
________________________________________________________
मोहन बग्गा अपने विशेष कक्ष में बैठा हुआ शराब पी रहा था।
उसे अपने दोस्त कादिर हुसैन, सतवीर डांगी और जॉन स्मैथ का इंतजार था।
उन चारों के बीच खूब छनती थी वे एक-दूसरे के परम मित्र थे, चार जिस्म एक जान थे। उन चारों की दोस्ती पूरे छत्तीसगढ़ शहर में मशहूर थी।
अचानक ही उसके कक्ष में ए०सी०पी० पंकज कुमार अग्रवाल दाखिल हुआ तो उसका चेहरा खुशी से इस कदर खिल उठा, जैसे उसे दुनिया का कोई अनमोल खजाना मिल गया हो।
अगले ही पल मोहन बग्गा उसके स्वागत में उठ खड़ा हुआ। गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाते हुए उसे अपना सिंहासननुमा कुर्सी पर बिठाया और खुद उसके सामने वाली साधारण कुर्सी पर बैठ गया।
"कहिये ए०सी०पी० साहब पैग छोटा बनाऊं या बड़ा।"
"रहने दो बग्गा।"
"क्यों हुजूर, क्या आप बन्दे से खफा हैं।"
"नहीं"
"फिर इंकार क्यों कर रहे हैं?"
"बहरलाल हमारा पीने का मूड नहीं है बग्गा।"
वह उसके चेहरे पर छाए भावों का अवलोकन करते हुए बोला, "आप मुझे कुछ चिंतित ओर परेशान नजर आ रहे हैं हुजूर।"
"तुम्हारा ख्याल दुरुस्त है बग्गा।"
"क्या मैं आपकी चिंता और परेशानी का कारण जान सकता हूँ ए०सी०पी० साहब?"
"मेरे तुम्हारे, कादिर हुसैन, सतवीर डांगी और जॉन समैथ के बुरे दिन शुरू हो गए हैं बग्गा।"
"यह आप क्या कह रहे हैं?" उसके स्वर में गहरा आश्चर्य सिमट आया।"
"वही कह रहा हूँ बग्गा- जो सत्य है।"
"आप पहेलियां न बुझाएं हुजूर स्पष्ट कहिये।"
"कल रात हमारे पास हिटलर का फ़ोन आया था।"
"नही।" वह हौले से चीख पड़ा।
"उसने हमें जान से मारने की धमकी दी है।" वह उसे सविस्तार सबकुछ बताता चला गया।
उसका मस्तिष्क इस कदर सुन्न पड़ता चला गया जैसे वह सोचने समझने की क्षमता खो चुका हो।
"उसका कहना है कि वो तुम चारों दोस्तों को भी जिंदा नही छोड़ेगा।"
"आप फिक्र न करें हुजूर।" अपने दांत पीसता हुआ बोला वह, "हम चारों दोस्त किसी भी मामले में हिटलर से कम नहीं है। हम उस सुअर को जिंदा चबा जाएंगे।"
"शायद तुम यह भूल गए हो बग्गा की वह नाम का ही हिटलर नही है, बल्कि दिमाग से भी हिटलर है। वह क्राइम जगत का बेताज शहंशाह है। जुर्म की दुनिया में उसका नाम खरे सिक्कों के समान चलता है। जो जुर्म करके कानून की धज्जियां उड़ा रहा है फिर भी कानून उसके जुर्म को जुर्म साबित करके उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रहा है। तुम कोरा उस शख्स को जिंदा नही चबा सकते हम तो यह कहते हैं कि तुम उसका बाल भी बांका नहीं कर सकते।"
"हुजूर।" मोहन बग्गा उसे मूर्खों के समान देखने लगा।
"अरे हां मैं तुम्हे यह बात बताना तो भूल ही गया कि हिटलर ओर कोई नही सुमेर है।"
"सुमेर कौन?"
"कमाल है बग्गा, जो तुम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर सुरेंदरनाथ गुप्ता को इतनी जल्दी भूल गए हो। सुमेर सुरेन्द्रनाथ गुप्ता का छोटा भाई है।"
"नही।" उस पर जैसे तमाम नक्षत्र टकरा कर गिर पड़े, जुनूनी अंदाज में चीख पड़ा वह, "ऐसा नही हो सकता ए०सी०पी० साहब सुमेर हिटलर नही हो सकता। हमने सुमेर को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते हुए देखा था, भला मुर्दा फिर से कैसे जिंदा हो सकता है। हिटलर जो भी शख्स है। उसने आपसे झूठ बोला है कि वह सुमेर गुप्ता है।"
"हमारी कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि यह सब क्या माजरा है बग्गा?"
"हम शीघ्र ही इस बात का पता लगाने की कोशिश करेंगे कि हिटलर सुमेर है या कोई और।"
"हमारे लिए यह विषय इतना महत्वपूर्ण नही है बग्गा कि हिटलर कौन है, सुमेर है या कोई और है। हमारे लिए सबसे अहम बात यह है कि हिटलर जो भी है हम पांचों का जानी दुश्मन है। हमारे खून का प्यासा है हमे उस हरामजादे को खत्म करके अपने प्राणों की रक्षा करनी चाहिए। उसकी जिंदगी हम पांचों की मौत है बग्गा।"
"हम जल्द ही उस सूअर की जिंदगी की किताब बंद कर देंगे हुजूर।"
"तुम तो इस तरह कह रहे हों बग्गा जैसे हिटलर किसी चूहे का बच्चा हो।"
"आप उसे जरूरत से ज्यादा तूल दे रहे हैं ए ०सी ०पी० साहब, लेकिन वह हरामजादा हम चारों दोस्तों के लिए किसी मच्छर से अधिक महत्व नहीं रखता।"
लेकिन ए०सी०पी० पंकज कुमार अग्रवाल के दिल में समाया हिटलर का भय कम नहीं हुआ। उसे ऐसे लग रहा था कि आने वाले वक्त का कोई भी क्षण उसकी मौत की अमानत बन सकता है।
मोहन बग्गा ने एक लार्ज पैग बनाकर हल्क से उतारा फिर गहराई से हिटलर के बारे में सोचते हुए उसे खत्म करने की योजना सोचने लगा।
________________________________________________________
________________________________________________________
इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव की मोटर साइकिल उस भव्य इमारत के सामने रुकी जो किसी राजमहल से कम नजर नहीं आ रही थी।
इमारत के मस्तक पर मोटे-मोटे पीतल के अक्षरों से 'हिटलर निवास' लिखा हुआ था।
सदर गेट पर दो बंदूकधारी दरबान खड़े थे उनके शरीरों पर सफेद रंग की वर्दी थी।
"कहिए।" एक दरबान ने इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव से पूछा।
"मुझे इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव कहते हैं।"
"माफ़ करना ऑफिसर, क्या मैं आपका आइडेंटिटी कार्ड देख सकता हूं।"
उसने ज्वलित नेत्रों से दरबान की तरफ देखा।
दरबान पर किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। वह अपने होठों पर चिर परिचित मुस्कराहट बिखेरते हुए बोला, "शायद आपको मेरी बात बुरी लगी है ऑफिसर, लेकिन हमें हिटलर बॉस का यह आदेश है कि उनसे जो भी मिलने आए उसके बारे में पूरी छानबीन करके उसे उनसे मुलाकात करने के लिए भेजा जाय।"
"क्या तुम हमें नकली पुलिस इंस्पेक्टर समझते हो?"
"आपके मस्तक पर यह तो नहीं लिखा है कि आप असली पुलिस इंस्पेक्टर है।"
"शटअप!" उसने अपना आइडेंटिटी कार्ड दरबान को पकड़ा दिया।
उसी क्षण इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव को एक सूटेड-बूटेड व्यक्ति सदर गेट की तरफ आते हुए दिखाई दिया।
दरबान ने आइडेंटिटी कार्ड देखकर उसे पकड़ाते हुए पूछा- "क्या आपको हिटलर बॉस से मिलना है?"
"यस!"
उसी क्षण सुटेड-बूटेड व्यक्ति उनके करीब पहुंचा, "हेलो ऑफिसर कहिए, कैसे तशरीफ लाए हैं?"
"आपकी तारीफ?" इंस्पेक्टर सुधीर श्रीवास्तव उसे नीचे से लेकर ऊपर देखता हुआ बोला।
"बंदे को परमेंद्र पाल कहते हैं, मैं हिटलर बॉस का प्राइवेट सेक्रेटरी और लीगल एडवाइजर हूं।"
"हूं।"
"कहिए मैं आपकी क्या सेवा कर सकता हूं?"
"मैं आपके हिटलर बॉस से मिलना चाहता हूं मिस्टर पाल।"
"अगर आप तकरीबन दो घंटे पहले आ जाते तो शायद हिटलर बॉस से आपकी मुलाकात सम्भव हो सकती थीं।" वह अपनी रिस्टवॉच देखते हुए बोला।
"क्या मतलब?"
"वह सुबह साढ़े नौ की फ्लाइट से बम्बई के लिए जा चुके हैं।"
"कब लौटेंगे?"
"शायद परसों रोज लौट आयेंगे।"
"आप आपने हिटलर बॉस से कहें कि वह बम्बई से लौटते ही हमसे भेंट करें।"
"क्या काम है?"
"जो काम है, उन्हे ही बताऊंगा।"
"जैसी आपकी इच्छा। वैसे अगर आप यहां से जलपान करके जाये तो मुझे दिली खुशी होगी ऑफिसर।"
"नो थैंक्स!" वह अपनी मोटरसाइकिल की तरफ बढ़ चला।
परमेंद्र पाल उस समय तक उसे देखता रहा जब तक उसकी मोटरसाइकिल आंखो से ओझल नहीं हो गई। फिर उसकी आंखो में सोचों के साय गर्दिश करने लगे।
________________________________________________________
________________________________________________________
"क्या बकते हो मोहन, लगता है तुमने अधिक चढ़ा ली है।" कादिर हुसैन झुंझलाहट भरे हुए स्वर में बोला।
"देख नही रहे कादिर प्यारे इसने पूरी बोतल की चढ़ा ली है।" सतवीर डांगी हंसते हुए बोला।
"मुझे ऐसे लगता है दोस्तों कि हमारे मोहन ने अभी-अभी कोई भयानक ख्वाब देखा है।" जॉन स्मेथ गम्भीर स्वर में बोला, "वरना यह कभी बकवास भरी बाते नहीं करता कि सुमेर गुप्ता जिंदा है और वह हिटलर बना हुआ है।"
"शटअप!" मोहन बग्गा पागलों वाले अंदाज में चौक पड़ा, "तुम तीनों को शर्म से डूबकर मर जाना चाहिए कि तुम अपने यार की बात पर विश्वास नहीं कर रहे हों। तुम लोग इस बात को अच्छी तरह जानते हों कि मैं दो बोतल पीने के बाद भी होश नही खोता, मेरा दिमाग बराबर काम करता है जबकि अभी एक बोतल ही खाली की है।"
वे तीनों फटी-फटी नजरों से उसे देखने लगे। उन्हे अब भी मोहन की बातों पर विश्वास नहीं आ रहा था।
"यह सत्य है मेरे अजीज दोस्तों कि हिटलर कोई और नहीं, बल्कि सुमेर गुप्ता है। हो सकता है कि हिटलर ने ए०सी०पी० साहब को गुमराह करने के लिए उसे झूठ बोला हो कि वह सुमेर गुप्ता है। खैर इस बात को हटाओ हमारी बला से हिटलर कोई भी हरामजादा हो इससे हमारी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता। लेकिन उसने जो ए०सी०पी० साहब को जो धमकी दी है उसके अनुसार वह ए०सी०पी० साहब और हम चारों दोस्तों को जिंदा नही छोड़ेगा। वह हम लोगों की हत्या कर डालेगा हम उसके हाथों कुत्ते को मौत मारे जायेंगे।"
"कमाल है यार, जो तुम हिटलर से इतना डर गए हो।" कादिर बोला।
"वह जो भी है, इंसान ही है मोहन। कोई भूत प्रेत या जिन्न नही है जो हमें आसानी से मौत के घाट उतार डालेगा।" सतवीर डांगी बोला।
"सतवीर ठीक कह रहा है।" जॉन स्मैथ ने सतवीर डांगी की बात का समर्थन किया। "हिटलर को हम तक पहुंचने में पसीना आ जायेगा। आखिर हम चारों किन्ही दरिंदो से तो कम नही है, वह जैसे ही हमारे सामने पड़ेगा वैसे ही हम उस हरामजादे को चीर फाड़कर सुखा डालेंगे।"
"तुम तो इस तरह कह रहे हों जॉन जैसे हिटलर कागज़ का टुकड़ा हो जो हम उसे चीर फाड़ डालेंगे।"
मोहन बग्गा बर्फ़ के मानिंद ठंडे स्वर में बोला, "यह मत भूलो की जुर्म की दुनिया में हिटलर का नाम बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। वह दिमाग की शतरंज का माहिर खिलाड़ी हैं। आपने दुश्मनों को शारीरिक ताक़त से नही बल्कि दिमागी ताक़त से मरता है।"
"तुम चिंता मत करो मोहन, आखिर हम चारों भी दिमाग़ से पैदल नही है।" कादिर बोला।
"यह समझो कि उस सूअर की जिंदगी के दिन पूरे हो चले हैं मोहन।" जॉन स्मैथ ने उसे दिलासा दिया।
"तुम तो हम चारों में मास्टर माइंड हो मोहन, कोई ऐसी जानदार स्कीम बनाओ कि हम हिटलर को कुत्ते की मौत मार डालें।" सतवीर डांगी ने मोहन की प्रशंसा कहते हुए कहा।
अपनी प्रशंसा सुनने के बाद मोहन बग्गा के चेहरे पर राहत के भाव नजर आने लगे।
_______________________________________________________
_______________________________________________________
डी०सी०पी० मिस्टर कुलकर्णी सिटिंग रूम में बैठे हुए थे। वह कुछ गहराई से सोचते हुए सिगार के हल्के-हल्के कश खीच रहे थे।
उसकी दशा से ऐसे लग रहा था जैसे वह किसी महत्वपूर्ण मसले पर विचार कर रहा हो।
"हैलो डैडी!"
अब उसके कानों में ममता का स्वर टकराया तो उसकी सोचो का क्रम टूटा।
"आओ बेटी!"
ममता उनके सामने वाली कुर्सी पर बैठती हुई बोली "आपने मुझे याद किया डैडी।"
"हा बेटी!" उन्होंने अपनी उंगलियों में दबा सिगार ऐश ट्रे में बुझाते हुए गंभीर स्वर में बोले।
ममता उन्हे प्रश्नवाचक दृष्टि से देखने लगी।
"तुमने अपनी शादी के बारे में क्या सोचा है बेटी?"
"डैडी!" उसकी आवाज कांप उठी।
"क्या हम यह समझे की तुम्हारा फैसला वही है, जो पहले था?"
"हा डैडी!"
"शटअप, लगता है तुम्हारा दिमाग खराब हो चुका है लड़की अपना फैसला बदल डालो।"
"इंसान फैसले बदल लेने के लिए नही करता है डैडी बल्कि उन पर अमल करने के लिए करता है।"
"इसका मतलब तुम सुमेर गुप्ता को नही भूल सकती?"
"कम-से-कम मैं उसे इस जन्म में तो नहीं भूल सकती डैडी।"
"यह जानते हुए भी कि वह सुमेर से हिटलर बन चुका है। जुर्म की दुनिया में कदम रख चुका है और जुर्म पर जुर्म करता जा रहा है। वह आज तक पुलिस और कानून से इसलिए बचता आ रहा है कि पुलिस और कानून के पास उसके खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। वह कोई भी जुर्म करता है तो अपने खिलाफ़ कोई भी ऐसा क्लू नही छोड़ता है जो उसे मुजरिम साबित किया जा सके। लेकिन वह पुलिस और कानून से कितने दिन बचेगा बेटी?"
"डैडी!"
"हा बेटी, अपराधी चाहे कितना भी चालाक और घाघ क्यों ना हों कभी न कभी उससे चूक हो ही जाती है। ऐसी स्थिति में वह कानून की गिरफ्त में आ ही जाता है। यह समझो की वह जिस दिन पुलिस और कानून की गिरफ्त में आया उस दिन कानून उसे फांसी पर लटका देगा। उसकी जीवनलीला हमेशा के लिए समाप्त हो जायेगी।"
"भगवान के लिए ऐसा न कहे डैडी।" वह तड़प उठी और उसका दिल आंगरो में पड़ी किसी मछली के समान छटपटाने लगा।
"हम वही कह रहे हैं ममता बेटी, जो सत्य है। इसलिए उससे शादी करने का विचार आपने दिल और दिमाग़ से निकाल दो। कानून के हाथों उसकी मौत निश्चित है। हम बड़े से बड़ा दुःख सहन कर सकते हैं बेटी लेकिन तुम्हे विधवा के रूप में सहन नहीं कर सकते।"
"डैडी!"
"हां, मेरी बच्ची तुम हमारी इकलौती बेटी हो हमारे जीवन की एकमात्र पूंजी हो। हमने तुम्हें बहुत नाजों के साथ पाला है बेटी, तुम्हारे पांव में कभी मामूली कांटे की फांस भी बर्दास्त नहीं की क्या तुम्हे बेवा के रूप में देखकर हमारा कलेजा नही फट जायेगा?"
"काश! मैं सुमेर को भूल सकती डैडी।" उसकी आंखे बरस पड़ी, "लेकिन मैं उसे चाहकर भी नहीं भूल सकती।"
"ममता!"
"हा डैडी, मैं सिर्फ उसे अपना प्यार ही नहीं बल्कि अपनी जिंदगी समझती हूं। भला इंसान अपनी जिंदगी को गुमनामी में गुजार कैसे जिंदा रह सकता है डैडी।"
"तुम समझने की कोशिश क्यों नहीं करती बेटी?"
"भगवान के लिए आप मुझे मेरे हाल पर छोड़ दीजिए डैडी।"
"नही छोड़ सकते बेटी।"
"तो फिर मेरी शादी का विचार आपने दिल से निकाल दीजिए डैडी।"
"क्या मतलब?" उनकी आंखों में असमंजस और उलझन के भाव लहराने लगे।
"मैं आजीवन कुंवारी रहूंगी डैडी।"
डी०सी०पी० मिस्टर कुलकर्णी उसे इस तरह विस्फारित नजरों से देखने लगे, जैसे वह दुनिया का आठवां अजूबा हो।
________________________________________________________
नाम का हिटलर की दूसरी कड़ी आपने अभी पढ़ी तो दोस्तों आपको कैसे लगी कॉमेंट के जरिए बताना मत भूलिएगा। जल्द ही अगली कड़ी आपके साथ सांझा की जायेगी।।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें