नाम का हिटलर वेद प्रकाश शर्मा जी द्वारा लिखित उपन्यास है। जिसे वेद प्रकाश शर्मा जी ने नही लिखा परंतु इसे मनोज पॉकेट बुक्स ने वेद प्रकाश शर्मा जी के नाम से प्रकाशित किया था।
नाम का हिटलर कड़ी :- 1
________________________________________________________
________________________________________________________
"हैलो-सेठ त्रिलोकनाथ पालकीवाला स्पीकिंग,
कौन?"
"ख़ाकसार को हिटलर कहते हैं सेठ जी।"
"क्या?" वह इस कदर चौककर उछल पड़े-जैसे भूल से गर्म तवे पर उनका पांव टिक गया हो चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगी तथा किसी अनिष्ट की कल्पना करके उसके शरीर के लाखों मसामों ने एक साथ ढेर सा पसीना उगल दिया।
"हा सेठजी मैं वही हिटलर हूं जो जुर्म की दुनिया में हिटलर बॉस के नाम से जाना जाता हूं अपराध जगत में मेरा नाम करेंसी नोटों की तरह चलता है लेकिन अफ़सोस है कि इस नाम से अभी तक आपका वास्ता नहीं पड़ा है जबकि आप भी अपराध जगत के मेम्बर है।"
"क्या बकते हो, अपराध जगत से हमारा दूर दराज तक कोई संबंध नहीं है। हम इनकम टैक्स में शरीफ और इज्जतदार नागरिक है।"
"सिर्फ अंधे कानून की नजरों में है, हिटलर की नजरो में नही। क्या इनकम टैक्स की चोरी करना अपराध नहीं है ?"
"क्या मतलब ?"
" अगर हिटलर आपको मतलब बतायेगा, तो आपके लिए महंगा पड़ेगा सेठजी।"
"तुम ?"
"इस साल आपने इनकम टैक्स के रूप में पंद्रह लाख की चोरी की है सेठजी, आप सरकार के मुजरिम है।"
"नही !"
"मैं आपको पंद्रह लाख से ऊपर जो राशि है, उसके आंकड़े भी बता सकता हूं। तीन हजार सात सौ पैंसठ रूपये चालीस पैसे है।"
"हिटलर बॉस।" उसकी आवाज कांप उठी।
"आप सोच रहे होंगे कि आपके इतने सिक्रेट अपराध की जानकारी मुझे कैसे है, सो मैं आपकी जानकारी के लिए आपको बता रहा हूं कि हिटलर सिर्फ नाम का ही हिटलर नही है, बल्कि वह वास्तव मे हिटलर है। उसके दो नही बल्कि लाखो आंखे है। यह समझें की उसके शरीर के हरेक छिद्र में आंख है, वह पूरे जहान की खबर रखता है सेठजी। शायद आप नही जानते कि अपराध जगत में जो भी होता है, एक मिनट बाद उसे उसकी खबर लग जाती है।"
"तुम क्या चाहते हो हिटलर?"
"अगर किसी अंधे से यह पूछा जाये कि क्या तुम्हें आंखे चाहिए, तो मेरे ख्याल से यह पूछने वाले की बेवकूफी ही होती है। मुझे इनकम टैक्स की चोरी का फिफ्टी परसेंट हिस्सा चाहिए।"
"साढ़े सात लाख!"
"लगता है कि आपकी जान सुख गई है सेठजी। लेकिन नही सूखनी चाहिए। आखिर आप मुझे साढ़े सात लाख रुपए अपनी जेब से नही देंगे। शायद आप उस कहावत को भूल गये है कि चोरी का माल खोरी में जाता है।"
"लेकिन।"
"जो क्राइम करके हिटलर को उसका कमीशन नही देता है, उसकी सेहत पर बुरा असर पड़ता है।"
"अगर हम तुम्हे साढ़े सात लाख रूपये नही दे तो तुम हमारा क्या बिगाड़ सकते हो हिटलर?"
"हिटलर का यह उसूल है सेठजी कि वह कहने में नही बल्कि कर गुजरने में विश्वास करता है। मैं तुम्हारा क्या बिगाड़ सकता हूं, यह तुम्हें करके दिखाऊंगा सेठजी, ओके।"
"सुनो?"
"अब तुम जेल की सलाखों के पीछे पहुंचोगे, तब मैं तुमसे बात करूंगा सेठ त्रिलोकीनाथ पालकीवाला।"
"नहीं-नहीं, भगवान के लिए ऐसे न कहो, हम तुम्हें साढ़े सात लाख रूपये देने को तैयार हैं हिटलर। रूपये कहा पहुंचाने है।"
"इस संदर्भ में हम अगले चौबीस घंटे के अंदर-अंदर तुम्हें फोन कर देंगे, ओके।"
उसी क्षण उस तरफ से फोन का सम्बन्ध विच्छेद हो गया।
सेठ त्रिलोकीनाथ पालकीवाला रिसीवर रखकर अपने चेहरे पर छाया पसीना पोंछने लगा।
______________________________________________________
______________________________________________________
जुआघर चलाने वाले जगताप को दो गनमैन एक कमरे में छोड़कर चले गए। उसकी आंखों पर काली पट्टी बंधी हुई थी। लेकिन उसमे इतना साहस नहीं था की वह अपनी आंखो से पट्टी हटा सकता।
किसी अज्ञात भय से उसका दिल कांप रहा था, उसके यह समझ नहीं आ रहा था कि उसे गनमैन किसके संकेत पर अगुवा करके लाये है तथा क्यों और किसलिए लाए हैं।
"कसीनो मास्टर।"
उसके कानों से किसी का बर्फ़ के मानिद सर्द और तलवार की धार के माकिफ पैना स्वर टकराया तो उसका शरीर पसीना-पसीना होता चला गया।
उसकी सांसे जहां की तहां रुक गई और शरीर फ्रिज्ड होकर रह गया।
"तुम अपनी आंखो से पट्टी हटा सकते हो कैसिनो मास्टर।"
जगताप ने अपनी आंखो से काली पट्टी हटाई।
वह एक सुसज्जित और शानदार कमरे में खड़ा था।
उसकी नजरें जैसे ही आकर्षक व्यक्तित्व के युवक पर टिकी, उससे चिपककर रह गई। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि इस युवक की आवाज़ इतनी सर्द और पैनी हो सकती है।
लेकिन उसने जैसे ही युवक की आंखों में झांककर देखा वैसे ही उसका दिल दहल उठा। उसे उसकी ओर किसी शेर की आंखों में जरा भी फर्क नही आ रहा था।
"क्या तुम हमारे नाम से परिचित हो कसिनो मास्टर?"
"नही मिस्टर।"
"बंदे को हिटलर कहते हैं।"
"नही।" उस पर जैसे बिजलियां सी गिर पड़ी तथा आंखो में भय, आश्चर्य और अविश्वास के मिश्रित भाव लहराने लगे।
"क्या विश्वास नहीं आया?"
"जगताप के मुख से किसी तरह के बोल नही फूट सके। उसे ऐसा अहसास हो रहा था कि उसके सामने हिटलर के रूप में साक्षात मौत खड़ी है।"
हिटलर टहलता हुआ बोला "क्राइम के जगत में हर क्रिमिनल हिटलर के नाम से वाकिफ है और उसके आदेश को ऊपर वाले का आदेश समझकर उसका पालन करता है। उसे जो भी इनकम होती है उसमे से फिफ्टी परसेंट का हिस्सा हिटलर को देता है। क्योंकि बुरे वक्त में हिटलर उसकी मदद भी करता है। कल तुम्हारे पास हमारा एजेंट गया था। तुम क्राइम जगत में सांस ले रहे हों, फिर भी हमारे एजेंटो को हमारा हिस्सा देने से इंकार कर गए। तुमने इंकार करने से पहले यह भी नहीं सोचा कि तुम्हारा यह इंकार तुम्हारी मौत का वायस बन सकता है।"
"मुझे माफ कर दो हिटलर।"
"खामोश कैसिनो मास्टर, हम सब कुछ कर सकते हैं लेकिन माफ़ करना हमारा उसूल नही है। हम तुम्हे क्षमा करने के लिए अपने उसूल को नहीं तोड़ सकते।"
"इस बार मेरी जान बख्श दो हिटलर, मैं जिंदगीभर आपकी गुलामी करूंगा।"
"हम तुम्हे जान हानि का दंड नहीं देंगे कैसिनो मास्टर, क्योंकि तुम्हारी यह पहली गलती है। इसलिए हम तुम्हें तुम्हारी जान बख्श रहे हैं!"
"सच हिटलर।"
"यस।" एक-एक शब्द को चबाते हुए बोला वह "लेकिन हम फिर भी तुम्हे क्षमा नही कर सकते। हम तुम्हे आर्थिक दंड देंगे।"
"मैं आपका दंड भुगतने के लिए तैयार हूं।" वह अपने चेहरे पर छाया पसीना पोछने लगा।
"कल तुम्हारे पास हमारा एजेंट आयेगा उसे दंड के रूप में पांच लाख रूपये दे देना।"
"पांच लाख।" उसे अपना दिल छाती में डूबता हुआ महसूस हुआ।
"यस, हमारे ख्याल से हम पांच लाख में तुम्हारी जान बख्सने का सौदा सस्ते में कर रहे हैं। अगर तुम्हे अधिक लगते हो तो कहो तुम्हे सिर्फ अपनी छाती में हमारे रिवाल्वर की एक गोली उतरवानी होगी। तुम पांच लाख रूपये देने से छुटकारा पा जाओगे।"
"नही-नही भगवान के लिए ऐसे न कहो हिटलर, मैं पांच लाख रूपये दे दूंगा।"
"और सुनो।"
"कहिए।"
"भविष्य में हर महीने हमें हमारा हिस्सा मिल जाना चाहिए कैसिनो मास्टर।"
"मिल जायेगा हिटलर।"
"उम्मीद है कि तुम हमसे बेईमानी नहीं करोगे।"
"आपने यह कैसे समझ लिया कि मैं आपके साथ बेईमानी करूंगा?"
"हमें हिटलर कहते हैं कैसिनो मास्टर, हम इंसान का चेहरा पढ़कर उसके अंदर का हाल जान लेते हैं। तुम्हें यह बताना इसलिए जरूरी समझते हैं कि कही तुम्हे अपनी हसीन जिंदगी से हाथ ना धोने पड़े। एकबारगी हम आपने जानी दुश्मनों को माफ कर सकते हैं। लेकिन उस शख्स को कभी माफ नहीं करते जो हमारे साथ बेइमानी, नमकहरामी और गद्दारी करता है। जिस तरह बच्चा गहन अंधेरे में दूध पीने के लिए अपनी माँ के स्तन ढूंढ लेता है उसी तरह हम बेईमान और गद्दार की बेइमानी और गद्दारी को खोज निकालते हैं। हमारे शरीर के हर मसाम में आंखे हैं कैसिनो मास्टर, जो पूरी दुनिया की खबर रखती हैं। इसलिए हमसे ख्वाब में भी बेईमानी करने के बारे में मत सोचना।"
जगताप आतंकित नजरों से देखने लगा उसके समझ में नहीं आ रहा था कि हिटलर नाम का यह युवक इंसान है या जिन्न।
________________________________________________________
________________________________________________________
हिटलर अपने शानदार सिटिंग रूम में बैठा हुआ था। उसके सामने विशाल मेज पर शैम्पियंन की बोतल, गिलास और एक तश्तरी में ड्राई फ्रूट रखे हुए थे।
उसके होठों के बीच एक इम्पोर्टेड सिगार दबा हुआ था जो धीरे-धीरे सुलग रहा था। वह रह-रहकर सिगार का कश खिंच रहा था।
उसने एक छोटा सा पैग बनाकर खत्म किया, फिर उसकी आंखें सोचने वाले अंदाज में सिकुड़ती चली गई।
उसी क्षण फोन की घण्टी बजने लगी।
उसने सुलगती नजरों से फोन की तरफ देखा, उसे इस वक्त किसी का फोन आना बेहद अखर रहा था।
अगले ही पल उसने न इच्छा होते हुए भी रिसीवर उठाया।
"हैलो-कौन?"
"मैं टिंचर किंग हूं हिटलर बॉस।"
"कहो।" अनायास ही उसके होठों पर विजयी मुस्कान थिरकने लगी।
"मुझे आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी हिटलर बॉस।"
"क्या उम्मीद नहीं थी टिंचर किंग, जो कहना है खुलास कहो हम खुलास कहने और सुनने के कायल हैं समझे।"
"आपने पुलिस को हमारा पांच लाख का माल पकड़वा दिया है।"
"यस, हमें यह कबूल करने में कोई संकोच नहीं है।"
"आपने ऐसा क्यों किया हिटलर बॉस मैं तो नियमित रूप से आपको आपका कमीशन भी पहुंचाता रहा हूँ।"
"तुमने हमसे बेईमानी की है टिंचर किंग तुम यह भूल गये हो कि तुम्हें अवैध शराब बनाने का फार्मूला हमने ही दिया था।"
"मैं आपका शुक्रगुजार हूं।"
"तुम हमारे शुक्रगुजार नहीं बल्कि अव्वल दर्जे के मक्कार और धूर्त हो, बेईमान और गद्दार हो जिस थाली में खाते हो उसी में छेद करते हो हरामजादे।"
"यह आप क्या कह रहे हैं हिटलर बॉस?"
"वही कह रहे हैं डर्टी डॉग, जो सत्य है।"
"आप मुझ पर बेईमानी और गद्दारी का झूठा आरोप लगा रहे हैं।"
"हिटलर का यह उसूल है कि वह किसी पर झूठा आरोप नही लगाता हम तो पानी भी तोलकर पीते हैं।"
"हिटलर बॉस।"
"तुमने हमें हमारा हिस्सा देने में पूरे सवा लाख की हेरा फेरी की है।"
"क्या?"
"यस डर्टी डॉग क्राइम जगत में कौन क्या करता है हमसे यह बात छिपी नहीं है।"
"मुझे माफ़ कर दो हिटलर बॉस।"
"हमारे शब्दकोश में माफ और क्षमा जैसे शब्द नहीं है टिंचर किंग जी चाहता है कि तुम्हे इसी वक्त शूट कर दिया जाये लेकिन तुम हमारी पनाह में आये हुए हो हमने न तुम्हें पुलिस और कानून से बचाया है, बल्कि एक नई और शानदार जिंदगी भी दी है। इसलिए हमें तुम्हारी जिंदगी छीनते हुआ दुःख होगा।"
"दया करो हिटलर बोस।"।
"तुम्हारी यह पहली गलती है टिंचर किंग, इसलिए इस बार हम तुम पर दया करते हुए तुम्हें क्षमा करते है। अगर भविष्य में तुमसे कोई गलती हुई तो यह तुम्हारी जिंदगी की आखरी गलती होगी टिंचर किंग।"
"जी हिटलर बोस"
"लेकिन हम तुम्हे तुम्हारी बेईमानी का दंड अवश्य देंगे।"
"मैं हर दंड भुगतने के लिए तैयार हूं।"
"सुबह नौ बजने से पहले-पहले हमारे पास दो लाख रुपए पहुंच जाने चाहिए।"
"ओ० के० हिटलर बॉस!"
उसने रिसीवर रखा फिर अंदर-ही-अंदर अपने क्रोध को पीने की कोशिश करने लगा।
________________________________________________________
________________________________________________________
ए०सी०पी पंकज कुमार अग्रवाल रात्रि का भोजन करके अपने शयनकक्ष में पहुंचा।
उसी क्षण फ़ोन की घंटी बजने लगी।
उसने रिसीवर उठाया।
"हेलो-कौन?"
"मैं तुम्हारी मौत हूं ए०सी०पी अग्रवाल।"
"व्हाट नॉनसेंस-क्या बकते हो?" वह उत्तेजित स्वर में बोला उसका चेहरा गुस्से से तमतमा उठा।
"मैं बक नही रहा हूं सूअर ए०सी०पी बल्कि सच कह रहा हूं, अब तुम्हारी जिंदगी के दिन लगभग समाप्त होने में आ गए है। अगर तुम चाहो तो अपनी ज़िंदगी के दिन उंगलियों पर गिन सकते हो।"
"शटअप यू बास्टर्ड।"
"क्या तुम्हारे खामोश कह देने से तुम्हारी मौत खामोश हो जायेगी हरामजादे हरगिज नही। वह तुम्हारी हसीन जिंदगी को अपनी बाहों में समेटकर तुम्हें अपने साथ ले जाएगी।"
"नही।" अपनी मौत की कल्पना करके उसका शरीर पसीना-पसीना होता चला गया।
"मगर यह सत्य है ए०सी०पी० अग्रवाल, तुम देख लेना ऐसा ही होगा।"
"कौन हो तुम?"
"मेरा परिचय जानने के लिए तुम बहुत उतावले हो रहे हो सूअर लेकिन मेरा परिचय जानने के बाद भी तुम मेरा कुछ नही बिगाड़ सकते, मेरा नाम हिटलर है।"
"नही!" वह आतंकित अंदाज में चीख पड़ा!
"बस। मेरा नाम सुनते ही तुम्हारी सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई ए०सी०पी०।"
"लेकिन तुम मुझे क्यों खत्म करना चाहते हो?"
"यह तुम मुझसे ही पूछ रहे हो हरामजादे अपने गिरेबान में झांक कर देखो तुम अव्वल दर्जे के भ्रष्ट और रिश्वतखोर पुलिस ऑफिसर हो। तुम जैसे पुलसियो ने पुलिस महकमे को बदनाम कर रखा है। तुम ए०सी०पी० की वर्दी में सफेदपोश डाकू हो, कानून के रक्षक नही बल्कि भक्षक हो। अपने फर्ज के प्रति विश्वासघाती और गदार हो। तुम जैसे इंसान को जिंदा रहने का कोई हक नही है। इसलिए मैं धरती माँ की छाती पर से तुम जैसे पापी का बोझ हटाने का फैसला कर चुका हूं।"
"तुमने मेरे बारे में जो कुछ सुना है गलत सुना है हिटलर!"
"मैंने तुम्हारे बारे में किसी से सुना नही है हरामजादे तुम्हे देखा है। हिटलर तुम्हारे बारे में इतनी जानकारी रखता है शायद तुम खुद भी अपने बारे में उतनी जानकारी नही रखते सूअर तुम भ्रष्ट और रिश्वतखोर पुलिस ऑफिसर हो मेरे पास इस बात के पक्के सबूत है। अगर मैं चाहूं तो तुम्हे अपनी सर्विस से सस्पेंड करा सकता हूं तुम्हे लम्बी जेल यात्रा करा सकता हूं लेकिन मैं ऐसा नही करूँगा क्योंकि तुम मेरे शिकार हो हिटलर का ये उसूल है कि वह अपने शिकार को खुद मारता है।"
"लेकिन मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है हिटलर।तुम्हारे मेरे बीच कोई दुश्मनी भी नही है फिर तुम मुझे अपना दुश्मन क्यों समझते हो?"
"इसलिए कि तुम मेरे सबसे बड़े दुश्मन हो ।"
"क्या मतलब?"
"इतनी जल्दी भूल गए ए०सी०पी० पंकज कुमार अग्रवाल कि सालभर पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर सुरेन्द्रनाथ का कत्ल हुआ था उसकी पत्नी देवीकादेवी का कत्ल हुआ था उनकी बारह वर्षीय मासूम बेटी मेनका के साथ बलात्कार हुआ था बलात्कारियों ने गला घोंटकर उसकी भी हत्या कर डाली थी। उनके कातिल और हत्यारे वे चार दरिंदे थे जिनका नाम क्रमश: मोहन बग्गा, कादिर हुसैन, सतवीर डांगी और जॉन स्मैथ है जो आज भी जिंदा है। लेकिन तुम्हारी तरह अब वे सूअर भी जिंदा नही रहेंगे।"
"भला गुप्ता परिवार हत्याकांड से मेरा क्या संबंध है हिटलर?"
"तुमने उस हत्याकांड को रफा-दफा करते हुए उन चार कुत्तों को बचाया था जिन्होंने तुम्हें अपने बचाव के लिए पाँच लाख रुपए दिए थे।"
"इसका मतलब तुम?"
"मैं सुरेन्द्रनाथ गुप्ता का छोटा भाई सुमेर हूं वही सुमेर जो इंसाफ माँगने के लिए तुम जैसे कानून के भक्षक के पास गया था। लेकिन तुमने मुझे इंसाफ देना तो दूर रहा बल्कि हत्यारों को गिरफ्तार तक नही किया। मुझसे यह कहा था कि उनके खिलाफ कोई सबूत लेकर आओ फिर मैं उन्हें गिरफ्तार करूँगा।"
"सुमेर !" उसे अपना ही स्वर किसी अजनबी जैसा लगा।
"सुमेर नही, बल्कि हिटलर कहो हरामजादे वह भावुक और भोलाभाला सुमेर मर चुका है। जिसे कानून से इंसाफ नही मिला था आज वह मरकर हिटलर रूप में तुम्हारे सामने है, जो जुर्म की दुनिया का बेताज शहंशाह है जो कानून को अपनी मुट्ठी में बंद रखता है ओर कानून के हर फैसले तो तोड़-मरोड़कर बदल सकता है।"
"हिटलर।"
"मैं तुम्हे चैलेंज कर रहा हूं सूअर कि तुम इस महीने की लास्ट तारीख तक खत्म कर दिए जाओगे अगर तुम अपने आप को मुझसे बचा सकते हो तो बचा लेना इतना मैं तुमसे वादा करता हूं कि अगर मैंने इस महीने की लास्ट तारीख तक तुम्हें यमपुरी नहीं पहुंचाया तो फिर कभी नही पहुंचाऊंगा।"
उसी क्षण उस तरफ से फोन का संबंधविच्छेद हो गया।
ए०सी०पी० पंकज कुमार अग्रवाल किसी लाश के समान कुर्सी पर बिखर गया उसकी आँखों के सामने रह-रहकर सुमेर उर्फ हिटलर का चहेरा नाच रहा था।
उसे ऐसा लग रहा था कि उसने उसे जो चेलेंज किया है, उसे पूरा करके रहेगा। वह उसे किसी भी कीमत पर जिंदा नही छोड़ेगा।
और फिर वह अपने बचाव के बारे में सोचने लगा।
_______________________________________________________
_______________________________________________________
दोस्तों नाम का हिटलर की पहली कड़ी आपके सामने पेश करते हुए अपार खुशी हो रही है। नाम का हिटलर मुख्य रूप से अभी पेपरबैक में कही उपलब्ध नहीं है ये एक छोटा सा प्रयास है। अगर आपको अच्छा लगता है तो कॉमेंट के जरिए अपनी राय जरूर दीजियेगा ताकि जल्द ही अगली कड़ी साझा की जाए... सादर

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें